आगरा । आगरा में गुरुवार को बदमाशों ने तमंचा लगाकर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से 1.10 लाख रुपए लूट लिए। लूट के बाद फोन से पुलिस को जानकारी दी। पुलिस पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। प्राप्त विवरण के अनुसार कमला नगर में शिखर स्टार फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी प्रमोद रहन खुर्द गांव से कलेक्शन करके लौट रहा था। आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर झरना नाला छलेसर के पास पीछे से बुलेट बाइक पर आए दो बदमाशों ने तमंचा लगाकर उसे रोक लिया। बदमाशों ने तमंचे के बल पर बदमाशों से बैग छीन लिया। बैग में कलेक्शन के 1.10 लाख रुपए थे। बदमाश बैग लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद कर्मचारी ने पुलिस को लूट की सूचना दी। जानकारी पर सीओ एत्मादपुर व थाना प्रभारी घटना स्थल पर पहुंच गए। लूट की जानकारी पर कंपनी के अधिकारी भी पहुंच गए। कंपनी के एरिया मैनेजर जितेंद्र यादव ने बताया कि कर्मचारी प्रमोद छलेसर चैकी से आगे रहनखुर्द गांव में कलेक्शन को गया था। वहां से कलेक्शन लेकर सिटी ब्रांच आ रहा था। रास्ते में उसके साथ घटना हो गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है।