कोलकाता । पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के ट्विटर प्रोफाइल में लगी तस्वीर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल ममता ने अपने ट्विटर प्रोफाइल पर आजादी के आंदोलन से जुड़े क्रांतिकारियों का एक स्कैच लगाया है। इसमें महात्मा गांधी से लेकर लाल बहादुर शास्त्री और शहीद भगत सिंह की भी तस्वीर हैं, लेकिन पंडित जवाहर लाल नेहरू की तस्वीर नहीं हैं। पंडित नेहरू की फोटो नहीं होने पर कांग्रेस ने ममता बनर्जी पर निशाना साधकर पूछा कि नेहरू की अनदेखी क्यों की गई। कांग्रेस भाजपा पर नेहरू की अनदेखी का आरोप लगाती आई है, लेकिन अब ममता भी उसी क्लब में शामिल हो गई हैं। कांग्रेस ने ट्वीट किया और टीएमसी से सवाल पूछा। ट्विटर यूजर अभिषेक बनर्जी के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए कांग्रेस ने ममता सरकार पर हमला बोला है। अभिषेक बनर्जी ने अपने ट्वीट में बेटी की ओर से तैयार एक स्केच को शेयर किया था। इसके साथ ही उन्होंने कैप्शन में लिखा था, 'मेरी बेटी ने इतिहास की कुछ बेसिक चीजों को याद दिलाते हुए पहले स्वतंत्रता दिवस की तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर में बच्ची ने पहले स्वतंत्रता दिवस का स्केच बनाया है, जिसमें पंडित जवाहर लाल नेहरू भी नजर आते हैं।
ट्वीट को रीट्वीट करते हुए कांग्रेस ने टीएमसी और ममता बनर्जी को टैग किया है। कांग्रेस ने लिखा, 'एक बच्ची की ओर से ममता बनर्जी और टीएमसी को इतिहास का सबक। ऐसा इसलिए क्योंकि इन लोगों ने जानबूझकर जवाहर लाल नेहरू की तस्वीर ही हटा दी। बता दें कि कर्नाटक में नेहरू की तस्वीर हटाने को लेकर विवाद चल रहा है। कर्नाटक की बसवराज बोम्मई सरकार ने अखबारों में एक ऐड निकालकर देश की स्वतंत्रता में योगदान देने वाले क्रांतिकारियों को याद किया गया है। लेकिन पोस्टर से जवाहर लाल नेहरू की तस्वीर गायब थी।