गुजरात के कच्छ जिले में नर्मदा नहर में सोमवार को दो दंपती और एक किशोरी समेत 5 लोगों की डूबने से मौत हो गई। यह घटना प्रागपुर थाना क्षेत्र के गुंडाला गांव के पास शाम सात बजे हुई। स्थानीय प्रागपार पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि दो महिलाओं, 15 वर्षीय लड़की और दो पुरुषों के शव नहर से बाहर निकाल लिए गए हैं। विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

कच्छ पश्चिम के एसपी सौरभ सिंह ने इस घटना की जानकारी देते हुए कहा कि मुंद्रा के गुंडाला गांव में नर्मदा नहर में एक ही परिवार के पांच सदस्य डूब गए। पुलिस ने सभी शवों को बरामद कर लिया है। नहर से पानी लाते समय फिसलकर गिरी महिला को बचाने के लिए परिवार के अन्य सदस्यों ने भी नहर में छलांग लगा दी थी। डूबने से सभी की मौत हो गई।