छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री TS सिंहदेव ने अपनी बहन आशा कुमारी के लिए हिमाचल प्रदेश में मोर्चा संभाल लिया है। इन दिनों वे चंबा जिले की डलहौजी सीट के वोटरों को साधने में लगे हैं। वहां से चुनाव प्रचार का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें सिंहदेव एक प्रचार गीत पर हिमाचली नर्तकों के साथ डांस करते  नजर आ रहे हैं।

स्टाइलिश जिंस, जैकेट और चशमा पहने TS सिंहदेव एक रैप पर डांस कर रहे हैं। इसके बोल हैं कांग्रेस को चुनना सब कहते, आशा को लाना सब कहते। डलहौजी की सड़कों पर इस रैप से पार्टी समर्थकों का भी उत्साह बढ़ा रहे हैं। बताया जा रहा है कि सिंहदेव पारिवारिक तौर पर इस प्रचार अभियान में शामिल हैं।

सरगुजा राजपरिवार की आशा कुमारी की शादी 1979 में हिमाचल प्रदेश में चंबा रियासत के राजकुमार बृजेंद्र कुमार से हुई थी।आशा कुमारी ने चंबा विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 1985 में पहली बार भाजपा के ज्ञान धवन को मात दी थी। 1990 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था। लेकिन इसके बाद 1993, 1998 और 2003 के चुनाव में उन्होंने लगातार जीत हासिल की। 2008 में हुए विधानसभा चुनाव में वे हार गई थीं। 2012 और 2017 के चुनाव में उन्होंने लगातार जीत हासिल की। आशा कुमारी छह बार विधायक रह चुकी हैं। तीन बार तो वे डलहौजी की ही प्रतिनिधि रही हैं। प्रदेश कांग्रेस में उनकी बेहद मजबूत पकड़ है।

बताया जा रहा है, टीएस सिंहदेव अगले एक सप्ताह डलहौजी में ही कैंप करने वाले हैं। हिमाचल प्रदेश में 12 नवम्बर को मतदान होना है। ऐसे में मतदान से 24 घंटे पहले तक सभी बाहरी नेताओं को हिमाचल प्रदेश छोड़ना होगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 7 नवम्बर तक हिमाचल प्रदेश में ही हैं। शुक्रवार को उन्होंने नगरोटी में एक जनसभा को संबोधित किया था।