कर्नाटक व महाराष्ट्र के बीच सीमा विवाद गहरा रहा है। इसे लेकर पुलिस ने अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए महाराष्ट्र सड़क परिवहन निगम (MSRTC) ने कर्नाटक के लिए बसों का संचालन रोक दिया है। 

कर्नाटक में बसों पर हमले के खतरे की आशंका के कारण बुधवार को पुलिस ने अलर्ट जारी किया। इसके बाद एमएसआरटीसी ने कर्नाटक जाने वाली अपनी बसों का संचालन स्थगित करने का फैसला किया। सीमा विवाद को लेकर बुधवार को कर्नाटक के बेलगावी में उग्र प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान महाराष्ट्र की बसों व ट्रकों पर पथराव की घटना सामने आई थी। 

महाराष्ट्र पुलिस द्वारा जारी अलर्ट में कहा गया है कि दोनों राज्यों के बीच सीमा विवाद को लेकर जारी आंदोलन के दौरान बसों पर हमले किए जा सकते हैं। एमएसआरटीसी ने कहा कि इस अलर्ट के आधार पर आगामी आदेश पर कर्नाटक जाने वाली रोडवेज बसों का संचालन रोका गया ह। पुलिस द्वारा बसों और यात्रियों की सुरक्षा की मंजूरी मिलने के बाद सेवाएं बहाल की जाएंगी। 

गृह मंत्री शाह से बात करेंगे फडणवीस
इससे पहले बेलगावी में ट्रकों व बसों पर पथराव के बाद महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि वे सीमा विवाद मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात करेंगे। फडणवीस ने यह भी कहा था कि उनकी कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई से बात हुई है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि शरद पवार साहेब को कर्नाटक जाने की जरूरत न पड़े। उन्होंने दोनों राज्यों की जनता से भी अपील की कि वह शांति कायम रखे और कानून व्यवस्था अपने हाथ में न ले। फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र कानून व्यवस्था के लिए पहचाना जाता है। मैं राज्य के लोगों से आग्रह करता हूं कि वे सीमावर्ती इलाकों में शांति कायम रखें।