आईपीएल के अगले सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 23 दिसंबर को कोच्चि में होगी। यह पिछली बार की तरह बड़ी नहीं होगी, उसके बावजूद 991 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें भारत के सबसे ज्यादा 714 क्रिकेटर हैं। फ्रेंचाइजियां नौ दिसंबर तक इस सूची में से खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट करेंगी और फिर उनके ऊपर नीलामी में बोली लगेगी। 10 टीमों को मिलाकर 87 जगह ही खाली है।खिलाड़ियों ने अलग-अलग बेस प्राइस में अपना नाम दिया। दो करोड़ के बेस प्राइस में एक भी भारतीय खिलाड़ी नहीं हैं। कुल 21 क्रिकेटर इसमें शामिल हैं। इंग्लैंड को टी20 विश्व कप दिलाने वाले स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स और सैम करन ने इसी बेस प्राइस में अपना नाम दिया है। स्टोक्स और सैम करन के अलावा ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन, न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन और वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान निकोलस पूरन भी टॉप बेस प्राइस में हैं।

19 कैप्ड भारतीयों की सूची में मुख्य रूप से अजिंक्य रहाणे, ईशांत शर्मा और मयंक अग्रवाल सहित राष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं। रहाणे को कोलकाता नाइट राइडर्स ने पिछली नीलामी में एक करोड़ में खरीदा था। इस बार उनका बेस प्राइस 50 लाख है। 2022 में अनसोल्ड रह चुके ईशांत शर्मा ने 75 लाख की लिस्ट में अपना नाम दिया है। मयंक अग्रवाल पिछले सीजन में पंजाब किंग्स के कप्तान थे। उन्हें फ्रेंचाइजी ने 14 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। इस बार उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। अग्रवाल का बेस प्राइस एक करोड़ हैं।बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने अपना बेस प्राइस 50 लाख रखा है। वह आईपीएल नीलामी में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। उनादकट इन दिनों शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने सौराष्ट्र को विजय हजारे ट्रॉफी में जीत दिलाई है। उन्हें मुंबई इंडियंस ने पिछली बार 1.3 करोड़ रुपये में खरीदा था। मुंबई ने उन्हें इस बार बाहर कर दिया।