70 के दशक के सबसे बड़े पॉप सितारों में से एक और चार बार ग्रैमी अवॉर्ड विजेता सिंगर और एक्ट्रेस ओलिविया न्यूटन जॉन का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। सिंगर का निधन सोमवार को अपने दक्षिणी कैलिफोर्निया स्थित घर में हुआ। 73 साल की ओलिविया के पति जॉन ईस्टरलिंग ने ओलिविया के आधिकारिक इंस्टग्राम अकाउंट पर पोस्ट साझा कर अपनी पत्नी के निधन की जानकारी दी। जॉन ने लिखा, ‘डेम ओलिविया न्यूटन-जॉन का आज सुबह दक्षिणी कैलिफोर्निया में निधन हो गया। वह इस दौरान अपने परिवार और दोस्तों के साथ थीं। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि कृपया इस कठिन समय के दौरान परिवार की निजता का सम्मान करें।’ इसके आगे उन्होंने बताया कि ओलिविया पिछले 30 वर्षों से ब्रेस्ट कैंसर से पीड़ित थीं। ओलिविया अपने पीछे पति जॉन ईस्टरलिंग, बेटी क्लो लट्टनजी, बहन सारा न्यूटर जॉन, भाई टोबी न्यूटन जॉन समेत कई लोगों को छोड़ गई हैं। ओलिविया न्यूटन जॉन ने सितंबर 2018 में इस बात की खुलासा किया था कि वह कैंसर का इलाज कर रही हैं। 90 के दशक की शुरुआत में और 2017 में ब्रेस्ट कैंसर से जूझने के बाद, यह उनका तीसरा कैंसर डायग्नोसिस था। अपने कैंसर के चलते उन्हें शोज भी कैंसल करने पड़े थे।