बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के स्टार टेबल टेनिस प्लेयर अचंता शरत कमल का जलवा देखने को मिला। उन्होंने इस बार कुल चार पदक अपने नाम किए। इनमें तीन स्वर्ण पदक और एक रजत पदक शामिल है। शरत ने जिन-जिन इवेंट्स में हिस्सा लिया, उन सभी में पदक अपने नाम किए। वह भारत की ओर से बर्मिंघम में सबसे ज्यादा पदक जीतने वाले खिलाड़ी रहे।40 साल के शरत ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के आखिरी दिन दो पदक जीते। शरत ने मेन्स सिंगल्स, मेन्स टीम इवेंट, मिक्स्ड डबल्स और मेन्स डबल्स इवेंट में हिस्सा लिया था। उन्होंने सबसे पहले मेन्स टीम इवेंट में साथियान ज्ञानशेखरन, सनिल शेट्टी और हरमीत देसाई के साथ मिलकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके बाद मेन्स डबल्स में साथियान ज्ञानशेखरन के साथ मिलकर रजत पदक अपने नाम किया।वहीं, मिक्स्ड डबल्स में शरत ने श्रीजा अकुला के साथ मिलकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इतना ही नहीं शरत ने आखिरी दिन मेन्स सिंगल्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल और फाइनल में दो अंग्रेजों को हराया और स्वर्ण पदक जीता।